कोरबा:- कबाड़ का नाम सुनते ही पुलिस के कान अब एकदम से खड़े हो जा रहे है। कप्तान की सख्ती के बाद अब ग्राउंड पर अफसर भी अवैध कबाड़ के खिलाफ कार्रवाई कर रहे है। इसी कड़ी में उरगा पुलिस ने क्षेत्र में संचालित एक अवैध स्क्रैप यार्ड में छापामार कार्रवाई कर मौके से भारी मात्रा में अवैध कबाड़ के साथ ही ट्रेलर और ट्रक के स्क्रैप बरामद किये है। जिसकी अनुमानित कीमत 30 लाख रूपये बतायी जा रही है। जब्त स्क्रैप के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने यार्ड को सील कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि कोरबा जिले में कबाड़ के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने मुहिम छेड़ रखी है। एक वक्त था जब कबाड़ चोरों के बुलंद हौसले ने शहर की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्य प्रणाली को कटघरे में खड़े कर दिया था। कबाड़ माफियाओं के लगातार बढ़ते अपराध को पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने गंभीरता से लिया। और उन्होने सख्ती दिखाते हुए अवैध कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये है। कप्तान की सख्ती का ही नतीजा रहा कि कबाड़ चोरों को नजर अंदाज करने वाली कुछ खास थाना–चौकी की पुलिस टीम ने सप्ताह भर के भीतर ही दो दर्जन से अधिक कबाड़ चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
कुल मिलाकर देखा जाये तो कप्तान की सख्ती का असर अब पूरे जिले में दिखने लगा है। इसी का बड़ा असर एक बार फिर उरगा थाना क्षेत्र में भी हुआ है। जहां से पुलिस ने लाखों रूपये के अवैध स्क्रैप को जब्त कर यार्ड को सील किया है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी के सख्त निर्देश का ही असर है कि शहर और आउटर के अधिकांश कबाड़ दुकानों पर ताले लटक रहे है। इसी बीच उरगा पुलिस को ग्राम बरबसपुर बायपास रोड स्थित एक अवैध स्क्रैप यार्ड संचालित होने की जानकारी मिली। जहां अवैध रूप से भारी मात्रा में चोरी से संबंधित लोहे का सामान, हाइवा, ट्रेलर एवं ट्रक के पुर्जे संग्रहित कर रखे होने की जानकारी मिली थी। लिहाजा पुलिस की टीम ने अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम के साथ मौके पर दबिश दी गई।
जांच के दौरान स्क्रैप यार्ड संचालक नूर आलम मौके पर उपस्थित मिला। यार्ड में रखे गए वाहनों के पुर्जे और लोहे के सामान के संबंध में वैध दस्तावेज मांगने पर कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। जिसके बाद पुलिस की टीम ने दस्तावेजों के अभाव में उक्त सामग्री के अवैध होने की आशंका पर विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में ट्रेलर की मुंडी, डाला बॉडी एवं अन्य लोहे का सामान लगभग 1200 टन स्क्रैप जब्त किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बतायी जा रही है। इन सारे समानों को गवाहों के समक्ष जब्त कर नगर निगम टीम द्वारा पंचनामा तैयार कर स्क्रैप यार्ड को सील कर दिया है।

