रायपुर :- रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित कावेरी इंडस्ट्री के तार फैक्ट्री में शनिवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद एकाएक भीषण आग लग गयी। परिसर से उठती आग की ऊंची लपटें को देख मौके पर काम कर रहे मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाकर निकल सके। घटना की जानकारी के बाद दमकल और पुलिस की टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक ये घटना खमतराई थाना क्षेत्र का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। आनन फानन में सभी को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फैक्ट्री में तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका जतायी जा रही है। यही वजह रही कि दमकलकर्मियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करना पड़ रहा है।
उधर इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंचकर हालात पर नजर बनाए हुए है। और आसपास की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। ताकि किसी तरह की जनहानि न हो। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है।

