रीवा :- मध्यप्रदेश के रीवा जिले में चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मनीष पटेल की एक विवादित पोस्ट ने सामाजिक माहौल बिगाड़ दिया है। ब्राह्मण समाज की गरिमा और बेटियों के सम्मान से जुड़ी इस पोस्ट के वायरल होते ही जिले भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। ब्राह्मण समाज के विरोध के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है। मनीष पूर्व में सेना के अपमान का भी आरोपी रहा है।
विवादित पोस्ट पर ब्राह्मण समाज में आक्रोश
डिजिटल युग में सोशल मीडिया का गैर-जिम्मेदाराना इस्तेमाल एक बार फिर अशांति का कारण बना है। रीवा के चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर मनीष पटेल ने फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर एक ऐसी पोस्ट साझा की, जिसे ब्राह्मण समाज ने अपनी अस्मिता और बेटियों के अपमान से जोड़कर देखा। इस पोस्ट के सामने आते ही रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र सहित पूरे जिले में आक्रोश की लहर दौड़ गई।
ब्राह्मण बेटियों के अपमान का आरोप
यूट्यूबर मनीष पटेल पर ब्राह्मण समाज की बेटियों के अपमान करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मनीष पटेल ने जानबूझकर ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जो एक विशिष्ट समुदाय की महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाते हैं। विरोध बढ़ता देख मनीष ने अपनी पोस्ट में कुछ शब्दों को एडिट तो किया, लेकिन सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगी, जिससे आग में घी डालने जैसा काम हुआ। ब्राह्मण संगठनों ने इसे समाज को नीचा दिखाने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया है।

