जगदलपुर:- नगर निगम के दंतेश्वरी वार्ड में बीती रात पति पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी की जान ले ली. पत्नी की हत्या के बाद आरोपी बुजुर्ग पति ने भी अपनी जान दे दी. पुलिस ने दोनों शवों को घर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है. एक मामूली विवाद में पूरे घर की सुख शांति उजड़ गई.
बुजुर्ग पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर दे दी अपनी जान
परिवार से जुड़े लोगों और पड़ोसियों ने बताया कि पति पत्नी के बीच देर रात को विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ा कि 73 साल के तारा सिंह ने अपनी 70 साल की पत्नी विजय सिंह का कत्ल कर दिया. कत्ल करने के बाद आरोपी को ग्लानि हुई और उसने भी आपनी जान दे दी. बस्तर एएसपी महेश्वर नाग ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. महेश्वर नाग ने बताया कि मौके से एक धारधार हथियार भी बरामद किया गया है.
हत्या और जान देने के पीछे की वजह
बस्तर एएसपी माहेश्वर नाग ने बताया कि पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से अक्सर विवाद होता रहता था. उनके बेटे, बहू और बेटी घर की ऊपरी मंज़िल में रहते थे. निचली मंजिल पर बुजुर्ग दंपत्ति रहते थे. जानकारी के अनुसार बीती रात भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. जिस पर बेटा और बहू नीचे आए और मामला शांत कराया. इसके बाद वे फिर ऊपर चले गए. लेकिन रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच, दोबारा विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर तारा सिंह ने धारधार हथियार से पत्नी के सिर पर वार कर दिया. जिससे मौके पर ही विजया कौर की मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद तारा सिंह ने जान दे दी.

