सक्ति :- जिला सक्ती के जैजैपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी के पूर्व पति के साथ रहने के संदेह में आरोपी पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया।
मामले में जैजैपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना ग्राम सेंदरी की है, जहां घायल महिला संतोषी बाई रात्रे (उम्र 45 वर्ष) को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर लाया गया, जांच में सामने आया कि महिला के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जो समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा हो सकती थी।
पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी पति महेशराम रात्रे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया, वहीं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई।
पुलिस अधीक्षक सक्ती के निर्देश पर पुलिस टीम ने आरोपी को तलब कर घटना में प्रयुक्त डंडा, खून लगे कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त किए। आरोपी को 1 फरवरी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।

