पुरी:- ओडिशा में 15 वर्षीय लड़की की जलने से हुई मौत से सभी दुखी हैं. पीड़ित परिवार पर गमों का पहाड़ा टूट पड़ा है. नेताओं की ओर से दुख और संवेदना व्यक्त किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. बता दें कि 19 जुलाई की सुबह पुरी जिले के बलंगा में भार्गबी नदी के किनारे कथित रूप से बदमाशों ने पीड़िता को आग के हवाले कर दिया. दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई.
वहीं, विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश में लगा है. उनका कहना है कि सरकार आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही. बीजद ने सरकार पर विफलता का आरोप लगाया. वहीं कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है. इस बीच पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस घटना में किसी अन्य का हाथ नहीं है.
पीड़िता के चाचा ने दुख जताया
ओडिशा में आग लगने के बाद दम तोड़ने वाली नाबालिग लड़की के चाचा ने दुख व्यक्त किया और कहा कि हर कोई निराश है. पीड़िता के रिश्तेदार ने रविवार को एएनआई को बताया, ‘यह बेहद दुखद है. हर कोई निराश है. वह अच्छी थी. लेकिन वह हमें छोड़कर चली गई.’
ओडिशा के पुरी जिले के बलंगा इलाके में 19 जुलाई को बदमाशों द्वारा कथित तौर पर आग लगाने के बाद 15 वर्षीय लड़की ने राष्ट्रीय राजधानी के एम्स में इलाज के दौरान शनिवार को दम तोड़ दिया. पुलिस के अनुसार नाबालिग लड़की अपने दोस्तों के साथ बाहर गई थी, लेकिन उसे कथित तौर पर बीच रास्ते से अगवा कर लिया गया और नदी के किनारे ले जाया गया, जहां उसे आग लगा दी गई.
नवीन पटनायक ने शोक व्यक्त किया
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता (एलओपी) नवीन पटनायक ने पीड़िता की मौत पर शोक व्यक्त किया. एक्स पर एक पोस्ट में पटनायक ने कहा, ‘यह जानकर बहुत दुख और पीड़ा हुई कि पुरी जिले के बलंगा इलाके में आग लगा दी गई युवती की एम्स में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई. युवती के प्रति मेरी संवेदनाएं और दुख की इस घड़ी में मैं उसके परिवार के साथ हूँ. ईश्वर परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई
इस घटना ने राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू कर दिया है. बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने ओडिशा में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई और ओडिशा के बलंगा में बदमाशों द्वारा आग लगाने के बाद दम तोड़ने वाली 15 वर्षीय लड़की के लिए न्याय की मांग की.
सस्मित पात्रा ने शनिवार को एएनआई से बात करते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. पात्रा ने कहा, ‘हमें बेहद दुख है क्योंकि ऐसे अपराध के अपराधियों को जब तक न्याय के कटघरे में नहीं लाया जाता और ओडिशा राज्य में ऐसे जघन्य अपराध बेरोकटोक जारी रहते हैं, कोई भी सुरक्षित नहीं है. हमें उम्मीद है कि सरकार अपनी नींद से जागेगी और कड़ी कार्रवाई करेगी.’
उन्होंने दिल्ली के एम्स में इलाज के दौरान पीड़िता के निधन के बाद उसके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. पात्रा ने कहा, ‘हम, बीजद सांसद, दिल्ली के एम्स आए थे, जहां इस नाबालिग पीड़िता का पिछले कुछ दिनों से इलाज चल रहा था. उसका निधन हो गया. इसलिए हमारी श्रद्धांजलि और उसके परिवार के प्रति हमारी संवेदना.’
