रायपुर : आज 1 अप्रैल से छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी भत्ता की शुरुआत हो गई है। सीएम भूपेश बघेल ने इस योजना का आज शुभारंभ कर दिया है। इस दौरान उन्होंने चार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता स्वीकृति आदेश सौंपा। चारों युवा रायपुर के हैं। इनमें दो गुढ़ियारी से, एक बोरिया रोड और एक मोवा का है। जिन युवाओं को स्वीकृति आदेश मिला है उनके नाम दीपक निषाद, कुनाल साहू, मुक्तेश्वरी और पूजा चंद्रवंशी है।
बता दें कि सीएम ने घोषणा की थी कि 1 अप्रैल से छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं को हर माह 2500 रूपए दिया जाएगा। सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी कि प्रदेश के युवाओं को 1 अप्रैल से ही बेरोजगारी भत्ता मिलना शुरु हो जाएगा। सीएम ने लिखा – हमारा हाथ, युवाओं के साथ छत्तीसगढ़ के शिक्षित युवाओं को 1 अप्रैल से 2500 रुपए प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देने का आदेश जारी किया गया है।
पंजीयन में सुगमता के लिए यह निर्णय लिया गया है कि अप्रैल माह में किसी भी दिन किए गये आवेदनों पर, घोषणा अनुसार, भत्ता 1 अप्रैल से ही देय होगा आशा है यह भत्ता हमारे युवाओं के स्वावलंबन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा। इसके पहले कल तक पंजीयन कार्यालयों में काफी भीड़ लगनी ही शुरु हो गई थी जिसके बाद ये सूचना जारी की गई कि जिन युवाओं का पंजीयन 2 साल पुराना है केवल वही इसके पात्र होंगे।
