कोरबा।कोरबा जिले के एसईसीएल गेवरा परियोजना के एमडी कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब देर रात एक सूने मकान में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। तोड़फोड़ की आवाज सुनकर पड़ोसी बाहर निकले और चोरों को घेरने का प्रयास किया तो चोरों ने उनपर पथर से जानलेवा हमला कर दिया और मौका से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक गेवरा परियोजना के एमडी कॉलोनी में निवासरत एसईसीएल के रिटायर कर्मचारी वीएन शर्मा का मकान सूना था। जहां चोरों ने करीब 2.50 बजे वहां धावा बोल दिया। दरवाजे व ताले को तोड़ने के प्रयास के दौरान पड़ोसियों की नींद खुल गई। उन्हें अन्य पड़ोसियों को मोबाइल से कॉलोनी में चोरों के होने की जानकारी दी। जिसके बाद सभी पड़ोसी इक्कठे हो गए। इसके बाद कॉलोनी में रहने वाले विकास सोनी, घुनू लाल साव समेत अन्य लोगों ने मिलकर घेराबंदी की। पकड़ में आने से बचने के लिए चोरों ने छत की ओर से उनके ऊपर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया और फरार हो गए। अन्य लोगों ने चोरों का पीछा भी किया लेकिन उन्हें पकड़ने में सफलता नहीं मिली। हमले में विकास सोनी व घुनू लाल को हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं हैं। विकास सोनी के सिर में गंभीर चोट आने की वजह से एसईसीएल के एनसीएच अस्पताल गेवरा में ले जाया गया, जहां उनके सिर पर आठ टांके लगे हैं इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए जिसमें उनके फुटेज मिले। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है आरोपियों की तलाश की जा रही है।

