केरल:- कोझिकोड में महंगे जूते मात्र 1 रुपये में बेचने के एक प्रचार अभियान ने भारी अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। रविवार सुबह इस ऑफर की खबर वायरल होने के बाद दुकान के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और यातायात भी पूरी तरह बाधित हो गया। हालात बिगड़ने पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
पुलिस के मुताबिक दुकान मालिक ने पहले 100 ग्राहकों को सिर्फ 1 रुपये में जूते देने का विज्ञापन दिया था। यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई, जिसके बाद लोग देर रात से ही दुकान के बाहर पहुंचने लगे। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे से ही लोग लाइन में लगना शुरू हो गए थे।
भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि दुकान की क्षमता से कई गुना अधिक लोग वहां पहुंच गए। भीड़ में बच्चे भी शामिल थे और कई लोग वायनाड जैसे दूर-दराज जिलों से भी ऑफर का फायदा उठाने पहुंचे थे। वायनाड से आए एक युवक ने बताया कि वह करीब ढाई बजे दुकान पहुंचा, लेकिन वहां पहले से ही भारी भीड़ मौजूद थी।
भीड़ बढ़ने के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और भगदड़ जैसी स्थिति को रोकने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

