महासमुंद : जिले के बागबाहरा विकास खण्ड के ग्राम पंचायत छुईया में किसान ने आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बता दें कि मृतक कन्हैयालाल सिन्हा ने अपने खेेत में स्थित आम के पेड़ में फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
मामले में पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें किसान ने लिखा है कि मैं एक छोटा सा किसान हूं। खेती किसानी में पिछले 8-9 वर्षाे से कभी पानी, कभी कीट प्रकोप से नुकसान हो रहा है। मुझे हर साल घाटा हो रहा है। इस वर्ष रबी फसल में 4 एकड़ में लो-वोल्टेज के कारण फसल बर्बाद हो गई है। मुझे एक भी पैसा नहीं मिला और न ही शासन से कोई मदद मिली।
पैसे की काफी तकलीफ हो रही है। मुझे न तो बीमा का लाभ मिला और न ही 2 लाख की छूट मिली, जिससे मेरे पास कोई चारा नहीं बसा और मेरे चारों ओर अंधकार हो गया है। जानकारी के अनुसार मृतक किसान के पास 4.5 एकड़ और पुत्र भागीरथी के पास 1.5 एकड़ खेती की जमीन है। जिस पर ये खेती किसानी करते थे। वर्ष 21-22 में 50 क्विंटल और 22-23 मे 64 क्विंटल धान सोसायटी में बेचकर पैसा प्राप्त किया है।
साथ ही बोनस का लाभ भी उठाया है। मृतक किसान एक्सिस बैक से 4 लाख रुपये का लोन लिया है। मृतक के फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेने की सूचना पर तेन्दूकोना थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। वहीं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर मृतक के परिजन को 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई है।

