मध्य प्रदेश:- मंडला जिले के एक गांव में डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने पहले अपनी पड़ोसन को कुल्हाड़ी से काट डाला फिर इस जघन्य हत्याकांड के एक चश्मदीद को भी मौत के घाट उतार दिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मंडला जिले में गुरुवार को एक शख्स ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से अपनी पड़ोसन की हत्या कर दी और फिर इस घटना के एक चश्मदीद को भी मार डाला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घुघरी पुलिस थाने की प्रभारी पूजा बघेल ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर घरगुटी गांव में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुई। उन्होंने कहा, ‘‘ आरोपी महेश मरावी (45) ने विवाद के बाद अपने पड़ोस में रहने वाली महिला हरिओम बाई (45) की कुल्हाड़ी वारकर से हत्या कर दी। राजकुमार उइके (30) ने घटना को देखा और वहां से भागने की कोशिश की। मरावी ने उसका पीछा किया और उसी हथियार से उसकी हत्या कर दी।’
लोगों ने पकड़कर खंभे से बांधा
पुलिस अधिकारी पूजा बघेल ने बताया कि स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने हत्या के आरोपी महेश मरावी को पकड़ लिया और उसे एक खंभे से बांधने के बाद पुलिस को बुलाया। अधिकारी ने बताया कि मरावी पर दो हत्याओं और अन्य अपराधों के आरोप हैं।
पुलिस ने डबल मर्डर का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला की हत्या के पीछे का कारण जानने के लिए पुलिस द्वारा मरावी से गहन पूछताछ की जा रही है

