रायपुर : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को देखते हुए रायपुर पुलिस मुस्तैद हो गई है और अलग-अलग क्षेत्रों में बढ़ रही चोरी और अपराध पर लगाम लगाने के लिए नामी गुंडा बदमाशों की सूची बनाकर इन पर कार्रवाई की जा रही है। राजधानी रायपुर में रविवार तड़के एक साथ 100 सदस्यीय पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर रेड की कार्रवाई की। पुलिस ने एक्शन लेते हुए राजधानी के शातिर अपराधियों की धरपकड़ करते हुए 112 बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने साफ किया है कि पुलिस की ये कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, कानून को हाथ में लेने वालों का किसी भी सूरत में बख्शा नही जायेगा। एसएसपी प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर रायपुर पुलिस ने रविवार सुबह 5 बजें छापामार कार्रवाई की गयी। बताया जा रहा है कि पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ ही करीब 100 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी इस छापामार कार्रवाई में शामिल थे।
जिन्होने अलग-अलग स्थानों में गुण्डा बदमाश, निगरानी बदमाश, संदिग्ध व्यक्ति, असमाजिक तत्वों एवं अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों सहित पुराने अपराधियों के विरूद्ध छापेमारी की कार्यवाही किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई में एक साथ राजधानी के अधिकांश थाना क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई किया गया। पुलिस रेड और चेकिंग के दौरान कुल 07 आरोपियों से चाकू जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध संबंधित थानों में आर्म्स एक्ट के 07 प्रकरण, कुल 04 आरोपियों से अवैध रूप से रखे शराब जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध संबंधित थानों में आबकारी एक्ट के 04 प्रकरण दर्ज किये गये।
इसी तरह 3 आरोपियों सेे गांजा जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध संबंधित थानों में नारकोटिक्स एक्ट का प्रकरण दर्ज किया गया। इसी प्रकार गुण्डा बदमाश, निगरानी बदमाश सहित अपराधिक तत्व जो लगातार अपराधों में संलिप्त रहते है, ऐसे लगभग 68 अपराधियों के विरूद्ध अलग-अलग थानों में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत् कार्यवाही करने के साथ ही 20 गिरफ्तारी वारंट, 9 स्थाई वारंट तामिल करते हुए धारा 327 भादवि. के फरार 1 आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
राजधानी रायपुर में तड़के हुए पुलिस के इस एक्शन में 112 आरोपियों को अलग-अलग मामलों में पुलिस ने अरेस्ट किया है। रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि पुलिस की ये कार्रवाई सत्त चलती रहेगी। शहर के गुंडा-बदमाशों के साथ ही अवैधानिक कार्यो में लगे लोगों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है।

