रायपुर : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को भी बारिश हुई। वहीं अब मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के 5 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो 7 सितंबर की सुबह 8 बजे तक इन जिलों में जोरदार वर्षा होने की संभावना है। इसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
इन 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश के राजनांदगांव, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा जिले में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है। बताया जा रहा है कि प्रदेश में आगामी 2 दिनों ताक मानसून सक्रिय रहेगा तथा भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। इसके अलावा प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान उत्तरी प्रायद्वीपीय, मध्य और आसपास के पूर्वी भारत में सक्रिय मानसून की स्थिति जारी रहने की संभावना है।

