रायपुर : ऑनलाइन सट्टा ऐप केस मामले में बड़ी खबर है। एक्टर रणबीर कपूर प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश नहीं हुए। रणबीर की ओर से ईडी को एक पत्र ईमेल किया गया है। प्रवर्तन निदेशालय के वकील सौरभ पांडेय ने बताया कि रणबीर ने ईमेल के जरिए एजेंसी से एक हफ्ते का समय मांगा है। बता दें कि एक्टर को ऑनलाइन सट्टा ऐप को प्रमोट करने पर समन भेजा गया था।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सौरभ चंद्रकार के बनाए आॅनलाइन सट्टा ऐप का प्रमोशन रणबीर कपूर ने किया था। इसके लिए उन्हें हवाला के जरिए कैश पेमेंट किया गया। इस मामले में एक्टर से ईडी जानना चाहती है कि वह इसका प्रमोशन कब से कर रहे हैं? इसके लिए किसने संपर्क किया और पेमेंट किस मोड में मिला।
ऑनलाइन सट्टा बेटिंग ऐप केस
ऑनलाइन सट्टा बेटिंग ऐप केस में जांच कर रहे अफसरों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय की ओर से एक्टर रणबीर कपूर को फिर से समन भेजा जाएगा। अगर दो बार समन जारी करने के बाद भी वो पूछताछ में शामिल नहीं होंगे तो ईडी की टीम रणबीर कपूर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया जा सकता है।
417 करोड की अवैध संपत्ति जब्त
ऑनलाइन सट्टा ऐप्लिकेशन से जुड़े लोगों के खिलाफ ईडी लगातार कार्रवाई कर रही है। 15 सितंबर को ईडी ने रायपुर, भोपाल, मुंबई और कोलकाता में 39 स्थानों पर छापेमारी कर सटोरियों के ठिकानों से 417 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त की थी। इसमें बड़ी तादाद में सोने-चांदी के जेवर और कैश बरामद किया गया था।
सौरभ चंद्राकर की शादी में 200 करोड़ खर्च
फरवरी 2023 में सट्टा ऐप के संचालक सौरभ चंद्राकर ने दुबई में शादी की थी। इस शादी समारोह में करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। परिवार को लाने और ले जाने के लिए निजी जेट किराए पर लिए गए। इसके अलावा शादी में परफॉर्म करने के लिए मशहूर सेलिब्रिटीज को बुलाया गया था।
इन सेलेब्स से भी हो सकती है पूछताछ
इस मामले में टाइगर श्रॉफ, सनी लियोनी, नुसरत भरुचा, नेहा कक्कड़, आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, अली असगर, विशाल ददलानी, एली अबराम, भारती सिंह, भाग्यश्री, कृति खरबंदा, कृष्णा अभिषेक और सुखविंदर सिंह समेत कई सेलेब्स से पूछताछ हो सकती है।

