नई दिल्ली :- आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच महामुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुकाबले में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है, ऐसे में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी कर रही है।
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट की डिफेंडिंग चैंपियन है और उसके पास लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के साथ तीसरी बार खिताब अपने नाम करने का मौका है। अगर भारत यह मैच जीतता है तो वह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में पहली टीम बन जाएगी जो लगातार दो बार ट्रॉफी जीतने का रिकॉर्ड बनाएगी। वहीं न्यूजीलैंड पहली बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरा है।
टूर्नामेंट में टीम इंडिया का सफर शानदार रहा है। लीग स्टेज में भारत ने संयुक्त राज्य अमेरिका, नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराया। हालांकि सुपर-8 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार मिली, लेकिन इसके बाद भारत ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। लीग स्टेज में वह अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही। सुपर-8 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच बारिश के कारण रद्द हो गया, जबकि इंग्लैंड से करीबी मुकाबले में हार मिली। इसके बाद श्रीलंका पर बड़ी जीत और सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर कीवी टीम फाइनल में पहुंची।
आंकड़ों की बात करें तो टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 30 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मैचों में जीत मिली है। एक मुकाबला टाई रहा।अब सभी क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं, जहां भारत इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरा है, जबकि न्यूजीलैंड पहली बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने की कोशिश करेगा।

