रायपुर : छत्तीसगढ़ का नवा रायपुर तीन दिन के लिए ‘नो गो जोन’ बनने वाला है। किसान अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर किसानों की बैठक हुई थी। उस वक्त नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने 16 और 17 अप्रैल को मंत्री मंडलीय उप समिति के साथ चर्चा का आश्वासन दिया था।
किसानों का साफ तौर पर कहना है कि अगर इस बार मांगों को पूरा नहीं किया गया तो नवा रायपुर में 72 घंटे कर्फ्यू लगाया जाएगा। किसानों का कहना है कि इस दौरान किसी को भी आने-जाने की मंजूरी नहीं मिलेगी, यहां तक की सभी दफ्तर मॉल, दुकानें, कंस्ट्रक्शन को बंद कर दिया जाएगा। हालांकि प्रभावित किसान 17 अप्रैल को राज्य सरकार को अल्टीमेटम पत्र देंगे और 25 अप्रैल को बैठक एक बार फिर बैठक की जाएगी।
प्रदेश सरकार ने किसानों के साथ छल किया
नवा रायपुर के किसानों ने कहा कि राज्य सरकार ने जो आश्वासन दिया था, उसे पूरा नहीं किया जा रहा, जिसकी वजह से नवा रायपुर तीन दिन के लिए ‘नो गो जोन’ बना दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि मंत्री मंडलीय उप समिति बनाने का जो निर्णय था, वो अब तक अधूरा है, इसलिए फिर से धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।

