रायपुर : बिरगांव में नंद कुमार पटेल महाविद्यालय के कार्यक्रम में हंगामा हुआ है। यहां पर सांसद सुनील सोनी के साथ गालीगलौच और बदतमीजी करने का आरोप यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगा है। इसके साथ ही सांसद सोनी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिरगांव में ही धरने पर बैठ गए हैं।
वहीं आज इस मामले में सोनी ने कहा है कि, कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ को पश्चिम बंगाल बनाने पर तुल गई है। सांसद सोनी ने कहा कि, बिरगांव में गैर राजनीतिक कार्यक्रम था, चंद्रयान की सफलता पर छात्राओं से चर्चा हो रही थी। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीच कार्यक्रम में आकर गाली गलौज की। सोनी ने साफ तौर पर कहा कि, जो कार्यकर्ता आए थे वे विधायक सत्यनारायण शर्मा के बेटे पंकज शर्मा के करीबी थे।
सोनी ने आगे कहा कि, कालेज की छात्राओं ने मुझे बताया है कि, युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता कॉलेज में आकर अक्सर हंगामा करते हैं। सोनी ने कहा कि, मेरे कार्यक्रम के दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा क्यों किया ये समझ नहीं आया। आने वाले दिनों में भाजपा पुलिस को सूचना देकर अपने कार्यक्रम करेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भी दबाव में आकर काम करने का आरोप लगाया।
गुंडों की तरह घुसे, बच्चियों के सामने अभद्र गालियां दीं
सोनी ने कहा कि, मेरे भाषण के दौरान यूथ कांग्रेस के लोग गुंडों के रूप में घुस गये। बच्चियों के टेबल के ऊपर खड़े हो गये, अभद्र गालियाँ दी गईं। भाषण का माइक छोड़कर मैंने बाहर जाने को कहा, मुझे गुस्सा आया, लेकिन मेरे साथ पद जुड़ा था। मैंने संयम बरती। पुलिस वहां पर मूकदर्शक बनकर खड़ी रही।
यूथ कांग्रेसियों को संस्कार दें सीएम
सोनी ने कहा कि, बच्चों से मैंने पूछा- उन्होंने कहा यह पहली बार घटना नहीं हुई, पहले भी इस तरह से घटनाएँ हुई हैं। सोनी ने कहा कि, मैं मुख्यमंत्री और चुनाव आयोग को भी पत्र लिखूँगा, मेरा प्रयास रहेगा कि, मुख्यमंत्री यूथ कांग्रेस को संस्कार दें। मेरा यूथ कांग्रेस के लोगों से आग्रह है, अपने माता-पिता से मिले संस्कारों का पालन करें। मेरे राजनीतिक जीवन में कभी ऐसा नहीं सुना था… न देखा था।

