राजनांदगांव : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 9 साल के कार्यकाल के पूर्ण होने पर महाजनसंपर्क अभियान में शामिल होने के लिए मंगलवार को एक दिनी राजनांदगांव के प्रवास पर पहुंचे माथुर ने इस साल के अंत में होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सीएम चेहरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। मीडिया के सवालों के जवाब में ओम माथुर ने कहा कि,भाजपा ने कई राज्यों में बगैर चेहरे के भी जीत हासिल की है। विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री के चेहरे पर फैसला लेने के लिए संसदीय बोर्ड अधिकृत है।
लोगों को सीएम चेहरे के लिए इंतजार करना होगा। महाजनसंपर्क अभियान में शामिल राजनांदगांव के प्रवास पर पहुंचे माथुर ने कहा कि भाजपा बूथ जीतो-चुनाव जीतो के सिद्धांत पर विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि नौ साल बेमिसाल के चलते लोकसभा के कलस्टर के तहत वह दौरे पर निकले हुए हैं। प्रभारी के तौर पर अब तक 36 विधानसभा में दौरा कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किया है।
भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर
माथुर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि किसी भी राज्य में जीत के लिए कार्यकर्ताओं को ही श्रेय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर कहा जा सकता है कि अगले विधानसभा में भाजपा बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। कांग्रेस पर हमला करते माथुर ने कहा कि एक परिवार पर केन्द्रित राजनीति करने का भाजपा कड़ा विरोध करती है। भाजपा कार्यकर्ताओं के बदौलत ही देश में सत्तासीन है।
ईडी के छापे से ईमानदार अफसर और नेताओं को कोई फर्क नहीं पड़ा
ओम माथुर ने ईडी-आईटी के जरिये सरकार में वापसी करने के आरोप पर कहा कि यूपीए-वन और यूपीए-2 के कार्यकाल में भी देशभर में ईडी और आईटी ने बड़ी कार्रवाई की थी। भ्रष्टाचार करने वाले ही ईडी और आईटी का डर फैला रहे हैं। जबकि ईमानदार अफसर और नेताओं को इन संवैधानिक संस्थाओं की मौजूदगी से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। पत्रकारवार्ता में पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, भूपेन्द्र सवन्नी, राजनांदगांव संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल, सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसदद्वय मधुसूदन यादव व अभिषेक सिंह, छत्तीसगढ़ फिल्म कलाकार अनुज शर्मा, जिलाध्यक्ष रमेश पटेल, नीलू शर्मा समेत अन्य लोग शामिल थे।

