रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पत्र का जवाब नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने पत्र से दिय़ा है। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों 11 बिंदुओं पर नेता प्रतिपक्ष को पत्र लिखा था, जिसके जवाब में अब नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखा है। चंदेल ने पत्र में 13 सवालों का जिक्र किया है। चंदेल ने 13 बिंदुओं के सवाल में कर्मचारियों की मांगों के अलावे अन्य बिंदुओं से भी जुड़े सवाल पूछे हैं।नेता प्रतिपक्ष ने पत्र के जरिए पूछा कि कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, नियमितिकरण, महंगाई भत्ता की मांगें क्यों पूरी नहीं हुई।
केंद्र सरकार ने किन-किन योजनाओं में कितनी राशि दी गयी है और इसका उपयोग कहां हुआ है? राज्य सरकार ने अभी तक कितना कर्ज लिया है? पूर्ण शराबबंदी कब होगी? 10 लाख गरीब परिवारों के आवास के लिए राज्यांश कब तक मिल जाएगा? गौठान में कितनी गायों की मौत हुई है? कर्मचारियों की मांगें क्यों पूरी नहीं हुई ? 25 हजार से ज्यादा आदिवासी बच्चों की मौत का जिम्मेदार कौन है? चंदेल ने पत्र में लिखा- विश्वास है आप इन सभी बिंदुओं पर तथ्यों और तर्कों के साथ जवाब प्रदेश की जनता को देंगे।


मुख्यमंत्री ने लिखी थी नेता प्रतिपक्ष को 11 बिंदुओं पर चिट्ठी
सीएम भूपेश बघेल ने 11 बिंदुओं पर पीएम मोदी से चर्चा कर उसकी मांग करने के लिए नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल से गुहार लगाई है. सीएम ने पत्र में जीएसटी क्षतिपूर्ति की राशि की बहाली, 4000 करोड़ की लंबित कोल रायल्टी, धान के एक-एक दाने के संग्रहण के बराबर राज्य से चावल का संग्रहण करने की मांग की गई. इसके अलावा सभी यात्री ट्रेनों का पुनः नियमित परिचालन, राज्य के उद्योगों हेतु कोयले और आयरन ओर की निर्बाध आपूर्ति, नगरनार स्टील प्लांट को निजी हाथों में जाने से रोकने की मांग की गई.
सीएम बघेल ने पत्र में जनगणना, ओबीसी जनगणना और एसईसीसी सर्वे आरक्षण विधेयक को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की है. चिटफंड घोटाले के पीड़ितों की राशि डकारने वाले कंपनियों से वसूली करने, मेट्रो रेल चलाने हेतु आवश्यक सहयोग की भी मांग की गई है. सीएम बघेल ने अपने पत्र में रायपुर में अंतराष्ट्रीय हवाई सेवा आरंभ करने और कार्गो हब बनाने, बिलासपुर में हवाई सेवा विस्तार और अंबिकापुर को हवाई सेवा से जोड़ने की मांग की है.
पत्र में सीएम बघेल ने लिखा कि यदि बीजेपी विधायक या नेता चाहें तो उक्त मांगों के संबंध में केंद्र सरकार से हुए पूरे पत्राचार की प्रतियां उपलब्ध करा दी जाएगी. उन्होंने आशा जताया कि बीजेपी नेता इन सभी मांगों की पूर्ति के लिए पीएम मोदी से मिलकर अनुरोध करेंगे. साथ ही सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि दिल्ली के वापस आकर बीजेपी नेता छत्तीसगढ़ की जनता के सामने पीएम मोदी के निर्णय की डिटेल जानकारी अवश्य रखेंगे.
