रायपुर : पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PRSU) की वार्षिक परीक्षाओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 13 जनवरी कर दी गई है। पहले पांच जनवरी थी। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने तिथि में परिवर्तन के लिए आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक सामान्य शुल्क के साथ छात्र 13 जनवरी तक आवेदन कर सकेंगे। 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ 20 जनवरी तक आवेदन किए जाएंगे। विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं मार्च में होगी।
बीए, बीएससी, बीकाम समेत अन्य कक्षाओं के नियमित व स्वाध्यायी छात्र-छात्राएं आवेदन कर रहे हैं। वार्षिक परीक्षा के लिए अबतक लगभग 90 हजार आवेदन आ चुके हैं।वहीं पीजी कक्षाओं में पढ़ने वाले स्वाध्यायी छात्र भी आवेदन कर रहे हैं। एमए हिंदी, एमए इतिहास, एमए अंग्रेजी, एमए राजनीति शास्त्र, एमकाम समेत अन्य पीजी कक्षाओं के लिए अबतक लगभग 35 हजार छात्रों ने आवेदन कर चुके हैं। विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा में लगभग डेढ़ लाख छात्र-छात्राएं शामिल होते हैं। इस लिहाज से अभी लगभग 60 हजार आवेदन कम आए हैं।
रविवि वार्षिक परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क
कक्षाओं के मुताबिक विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षा के लिए आवेदन शुल्क अलग-अलग है। बीए, बीए क्लासिक्स, बीकाम के नियमित व भूतपूर्व छात्रों के लिए परीक्षा शुल्क 1,100 रुपए, प्राइवेट (अमहाविद्यालयीन) 1610 और पूरक की एग्जाम फीस 820 रुपये है। बीएससी, बीएससी होमसाइंस नियमित और भूतपूर्व 1,130, प्राइवेट 1,610 और पूरक 1075 रुपए। बीसीए नियमित व भूतपूर्व 1810 और पूरक 1075 रुपए।
एमए, एमकॉम, एमएससी गणित की परीक्षा फीस प्राइवेट और भूतपूर्व छात्रों के लिए 1,610 रुपये है। सभी सर्टिफिकेट कोर्स की फीस 1,190 रुपए है। जबकि बीपीई नियमित और भूतपूर्व छात्रों की परीक्षा फीस 2,095 और पूरक की 1,120 रुपए है। इसके अलावा अन्य शुल्क भी हैं।

