गुना:- शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत घोसीपुरा इलाके में सोमवार में रात को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यहां पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि गुस्से में आकर पति ने अपनी ही पत्नी को जिंदा जलाने की कोशिश कर डाली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित दीपा ने अपने पति पर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी पवन रजक का अपनी पत्नी दीपा के साथ पिछले कुछ समय से लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस विवाद की मुख्य वजह पति का किसी अन्य महिला के साथ संबंध होना था, जिसके चलते दंपति के बीच आए दिन कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया।
झुलसी दीपा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि पवन ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी दीपा पर डीजल डाल दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह पानी डाल कर आग बुझाकर गंभीर रूप से झुलसी दीपा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।

