ग्वालियर :- अब तक आपने पति-पत्नी और वो के कई मामले सुने होंगे, लेकिन ग्वालियर से सामने आया यह मामला हर किसी को चौंका रहा है। यहां एक पीड़ित पति की पत्नी, दूसरी पीड़ित महिला के पति के साथ घर छोड़कर चली गई। हैरानी की बात यह है कि दोनों के बीच दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इस अनोखे मामले में दोनों पीड़ित एक पति और एक पत्नी ग्वालियर के एसपी कार्यालय पहुंचे और अलग-अलग आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी पक्षों को थाने बुलाकर आपसी सहमति से मामला सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
एक की बीवी, दूसरे का पति
दरअसल, ग्वालियर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे दो फरियादियों कल्याण सिंह और भारती सिहोते के आवेदन ने सभी को चौंका दिया। कल्याण सिंह ने अपने आवेदन में लिखा कि उसकी पत्नी किरण, राजू केवट नाम के व्यक्ति के साथ रह रही है। वहीं भारती सिहोते के आवेदन में कहा गया कि उसका पति राजू केवट उसे छोड़कर किरण नाम की महिला के साथ रहने लगा है। यही किरण, कल्याण सिंह की पत्नी है। पीड़ित पति कल्याण सिंह ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2015 में हिंदू रीति-रिवाज से किरण से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं दो बेटियां और एक बेटा। कुछ समय से किरण का व्यवहार बदल गया था। वह न घर के कामों में रुचि ले रही थी और न ही परिवार से ठीक से बात कर रही थी। जब इस बारे में पूछने पर उसने साफ कह दिया कि वह अब कल्याण के साथ नहीं रहना चाहती और किसी और से शादी करना चाहती है।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ अजीब प्रेम प्रसंग
कल्याण का आरोप है कि कुछ समय बाद राजू केवट का फोन आया और किरण घर का सारा सामान लेकर उसके साथ चली गई। यह जानकारी उसे उसकी मां ने फोन पर दी। बाद में जब राजू से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि उसने किरण से शादी कर ली है, जबकि किरण का अब तक तलाक नहीं हुआ है। ऐसे में यह शादी अवैधानिक है और इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं पीड़ित महिला भारती सिहोते ने बताया कि उसका राजू केवट से प्रेम विवाह हुआ था और दोनों का एक बच्चा भी है। कुछ समय से राजू का व्यवहार बदला हुआ था। वह छिपकर फोन पर बातें करता था। विरोध करने पर वह मारपीट और गाली-गलौज करने लगा। बाद में उसने कह दिया कि वह किसी और महिला से शादी करेगा और घर छोड़कर चला गया। जब भारती ने राजू के नंबर पर कॉल किया तो फोन किरण नाम की महिला ने उठाया और खुद को राजू की पत्नी बताया।

