गुना :- मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में 7 साल के मासूम बच्चे सहित उसके पिता और ममेरे भाई की जान चली गई। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य नया ट्रैक्टर खरीदने के लिए गुना जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, गुना जिले के फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा निवासी मुकेश भील (25) शुक्रवार को अपने ममेरे भाई शंकर भील (45), भाई बाबूलाल भील (28) और अपने 7 वर्षीय बेटे दीपक भील के साथ बाइक पर सवार होकर गुना शहर के लिए निकले थे। जब उनकी बाइक धरनावदा थाना क्षेत्र के झागर गांव के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही धरनावदा थाना की झागर पुलिस चौकी और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल गुना जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मुकेश भील, उसके 7 वर्षीय बेटे दीपक भील और ममेरे भाई शंकर भील को मृत घोषित कर दिया। वहीं, चौथे घायल बाबूलाल भील की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में जारी है।

