छिंदवाड़ा:- सीएम मोहन यादव के ‘हितग्राही सम्मेलन’ से लौट रही बस गुरुवार शाम भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। मोहखेड़ थाना क्षेत्र के सेमरिया हनुमान मंदिर के पास बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
शाम 6:30 बजे हुआ भीषण हादसा
हादसा उमरानाला इलाके में शाम करीब 6:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और कई यात्री अंदर ही फंस गए। बस भंडारकुंड करेर की बताई जा रही है, जिसमें कुल 41 लोग सवार थे और सभी सम्मेलन से लौट रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। कई यात्रियों को गंभीर सिर की चोटें आईं, वहीं एक यात्री का हाथ कटकर अलग हो गया।
मृतकों में महिलाएं और बच्चा भी शामिल
प्रशासन के अनुसार मृतकों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए 20 से अधिक एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं।
ग्रीन कॉरिडोर, 5 किमी लंबा जाम
हादसे के बाद सड़क पर 4 से 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन ने राहत कार्य के साथ यातायात बहाल करने का प्रयास शुरू किया। घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी अलर्ट जारी किया गया है।

