भोपाल:- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से महिला के साथ दुष्कर्म और पहचान छिपाकर धोखे से संबंध बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने अपना नाम बदलकर महिला से दोस्ती की और लंबे समय तक झूठी पहचान के आधार पर शारीरिक संबंध बनाता रहा।
झूठी पहचान से बनाया संबंध, फिर धमकी और मारपीट का आरोप
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने अपना नाम राकेश कुशवाहा बताया था और इसी नाम से करीब दो साल तक उसके संपर्क में रहा। बाद में महिला को पता चला कि युवक का असली नाम फैजान है। सच सामने आने पर महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी। महिला का आरोप है कि जब उसने दूरी बनानी शुरू की तो आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। वह सरेराह मारपीट करता और जान से मारने की धमकी देता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने रोते हुए अपना वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता महिला के साथ छोला थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी फैजान के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

