कोरबा : जिले के कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों ने एक वृद्ध महिला को कुचलकर मार डाला। घटना के वक्त महिला अपने घर में सो रही थी। घटना की सूचना मिलने पर डीएफओ कुमार निशांत मौके पर पहुंचे। महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है। बता दें कि पसान रेंज के ग्राम पंगावा में सोन कुंवर 84 वर्षीय नाम की बुजुर्ग महिला घर के अंदर सो रही थी, तभी हाथियों के झुंड ने घर में घुसकर उस पर हमला कर दिया। हाथियों ने उसे कुचलकर मार डाला, वहीं परिवार के अन्य सदस्य भागने में सफल रहे। दरअसल 42 हाथियों का झुंड मंगलवार को पहाड़ी पर बसी बस्ती बैगापारा में भटक गया। इनमें से कुछ हाथी सोन कुंवर के घर में घुस गए। परिवार के अन्य सदस्य हाथियों को देख भागने में सफल रहे, लेकिन 84 वर्षीय बुजुर्ग महिला भाग नहीं सकी और हाथियों ने उसे कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हाथियों ने घर में रखा सारा बाजरा भी खा लिया।

