रायपुर : छत्तीसगढ़ में मोर आवास मोर अधिकार को लेकर जमकर प्रदर्शन हो रहा है। भाजपा ने आज बुधवार को इस मुद्दे पर 1 लाख लोगों के साथ विधानसभा घेराव किया है। प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता और नेता बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इसमें 75 प्रतिशत लोग मोर आवास योजना के हितग्राही हैं। घेराव के पहले बीजेपी नेताओं की सभा हुई। सभा के बाद कार्यकर्ता विधानसभा घेरने निकल गए।
इसके बाद पुलिस से उनकी झूमाझटकी हुई है। वहीं बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर केनन चलाई, भीड़ के सामने स्मोक बम फेंके। उधर, पुलिस ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। सभी को बस में बिठाकर पुलिस ले गई है।कार्यकर्ताओं की भीड़ विधानसभा परिसर के नजदीक (जीरो प्वाइंट) तक पहुंच गई है।
विधानसभा जाने वाले रास्ते में जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात है। कोशिश है कि किसी भी तरह से कार्यकर्ताओं को रोका जाए। मगर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगातार आगे बढ़ रही है। घेराव शुरू होने से पहले ही भारतीय जनता युवा मोर्चा ने 2 किलोमीटर पहले सड़क पर लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी थी। इसके बाद कार्यकर्ताओं की भीड़ पहुंची।

