धमतरी : धमतरी में एक बार फिर चाकूबाजी की वारदात हुई है। यहाँ बेखौफ युवकों ने सारेआम दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना शहर के नेहरू गार्डन पास देर शाम की बताई जा रही है,हालांकि लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँचकर दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घायल युवकों को उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया है।
जानकारी के मुताबिक पोटियाडीह निवासी युवक रितेश पटेल अपने साथी के साथ किसी काम से धमतरी आया हुआ था। जो शहर के नेहरू गार्डन के पास कुछ देर के लिए रुका था,उसी दौरान दो युवक उसके पास आकर शराब पीने के लिये उनसे पैसों की मांग करने लगे। जब युवक ने पैसा देने से मना किया तो गुस्साए युवकों ने अपने पास रखे चाकू से उस पर हमला कर दिया जिससे युवक जख्मी हो गया।
वहीं घायल युवक और उसके साथी को अस्पताल ले जाया गया। इधर मामले की सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची, वहीं दोनों आरोपी आनंद मसीह और नंदकुमार साहू गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई कर रही है। बता दे कि धमतरी में चाकूबाजी की घटना आम हो गयी है,और पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी है।

