मुंबई:- शहर के सायन इलाके से साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। यहां जिन्न और तांत्रिक शक्तियों के नाम पर 22 वर्षीय युवती को झांसे में लेकर ठगों ने उससे 15 लाख 93 हजार 980 रुपये ऐंठ लिए। यह ठगी करीब ढाई साल तक सुनियोजित तरीके से जारी रही। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता प्रतीक्षा नगर, सायन की रहने वाली है। साल 2023 में इंस्टाग्राम चलाते समय उसकी नजर “पावरफुल ओबसेशन हीलर” नामक एक पोस्ट पर पड़ी, जिसमें करियर, प्रेम और जीवन की समस्याओं का समाधान करने का दावा किया गया था।
जिन्न से इच्छाएं पूरी होने का किया दावा
पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद पीड़िता की बातचीत व्हाट्सएप पर एक अज्ञात व्यक्ति से शुरू हुई। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को कभी वाहिद तो कभी साहिल बताया। आरोपी ने पहले युवती का विश्वास जीता और फिर उसे उसके उज्ज्वल भविष्य का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने विशेष तांत्रिक विधि कराने की बात कही। तांत्रिक ने दावा किया कि उसके पास ‘जिन्न’ है, जो उसकी हर इच्छा पूरी कर सकता है। उसने युवती को विश्वास दिलाया कि यह प्रक्रिया पूरी होने पर उसके जीवन की सभी समस्याएं खत्म हो जाएंगी।
कई बार में युवती से लिए रुपये
तांत्रिक ने शुरुआत में युवती से 25 हजार रुपये की मांग की, लेकिन बाद में अलग-अलग बहानों जैसे विधि अधूरी होना, नकारात्मक ऊर्जा हटाना और जिन्न के नाराज होने का हवाला देकर बार-बार पैसे मांगे गए। युवती धीरे-धीरे इस जाल में फंसती गई और कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करती रही। सबसे हैरानी की बात यह रही कि युवती ने अपने घर का सोना बेचकर भी ठगों को पैसे दिए। जब लंबे समय तक कोई परिणाम नहीं मिला और पैसों की मांग जारी रही, तब उसे ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद युवती ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल मुंबई साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।

