गौरेला पेंड्रा मरवाही :- पेंड्रा थाना क्षेत्र के पनकोटा गांव में हृदय विदारक घटना हुई.यहां साथ जीने की कसम खाने वाले जब एक ना हो सके तो उन्होंने साथ जान दे दी. इस मामले में खास बात ये है कि दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते थे.लेकिन सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दोनों का विवाह ना हो सका.ऐसा भी नहीं है कि दोनों के परिवार वालों को इस शादी से ऐतराज था.फिर भी सामूहिक विवाह में शादी ना कर पाने की टीस दोनों के मन में घर कर गई.ऐसे में दोनों ने वो कदम उठा लिया जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी.
10 फरवरी को नहीं हो सकी थी शादी
जानकारी के अनुसार कोटा थाना क्षेत्र की रहने वाली अनिता भैना और पनकोटा गांव का रहने वाला कृष्णकुमार भैना का एक दूसरे से प्रेम संबंध था. दोनों पिछले कुछ दिनों से एक साथ पनकोटा में रह रहे थे. परिजनों के मुताबिक 10 फरवरी को होने वाले मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में शादी की तैयारी कर रहे थे. लेकिन प्रेमी कृष्ण कुमार की उम्र कम होने के कारण विवाह संभव नहीं हो सका, जिससे दोनों मानसिक रूप से परेशान थे.
प्रेमी प्रेमिका ने उठाया आत्मघाती कदम
बुधवार की रात अनिता और कृष्ण कुमार के बीच शादी नहीं हो पाने से विवाद हुआ. अनिता ने इसे समाज के सामने खुद का अपमान माना और मौका पाते ही अपना जीवन समाप्त कर लिया. जैसे ही कृष्ण कुमार ने अनिता के शव को देखा तो वो भी सदमें में आ गया.इसके बाद कृष्ण कुमार ने भी घर से दूर जाकर आत्मघाती कदम उठाते हुए अपनी जान दे दी.परिजनों ने कृष्णकुमार की रात में काफी खोजबीन की.अगली सुबह कृष्ण कुमार का शव जंगल में फंदे पर लटका मिला.परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी.

