गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव के रण के लिए कांग्रेस ने अपनी बहुप्रतीक्षित 42 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला और बड़ा नाम लोकसभा में विपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई का है। सांसद गोगोई अब विधानसभा की दहलीज पर कदम रखने जा रहे हैं, उन्हें पार्टी ने जोरहाट सीट से मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में रणनीतिक संतुलन बनाने की कोशिश की है। पार्टी ने सिलचर जैसी महत्वपूर्ण सीट से अभिजीत पॉल को टिकट दिया है, जबकि सांस्कृतिक राजधानी माने जाने वाली माजुली सीट से इंद्रनील पेगु को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, राजधानी क्षेत्र की हाई-प्रोफाइल दिसपुर सीट से मीरा बोरठाकुर गोस्वामी चुनावी मैदान में ताल ठोकेंगी

पहली लिस्ट में युवाओं और अनुभवी चेहरों के मिश्रण से कांग्रेस ने सत्ता विरोधी लहर को भुनाने की कोशिश की है। 126 सदस्यीय असम विधानसभा के लिए हो रहे इस चुनाव में कांग्रेस की यह पहली सूची भाजपा गठबंधन के खिलाफ एक मजबूत मोर्चेबंदी का संकेत दे रही है।

