बलौदाबाजार : लिलेश्वर निषाद : कलेक्टर रजत बंसल ने आज बलौदाबाजार स्थित श्री वाटिका वृद्धाश्रम में पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य तथा वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर उन्होंने बुजुर्गो का हालचाल का जायजा भी लिया। कलेक्टर रजत बंसल ने वृद्धाश्रम में उपस्थित बुजुर्गों को फल व मिष्ठान वितरित किए। साथ ही वृद्धाश्रम में दी जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर बंसल ने यहां मौजूद बुजुर्गों के साथ बैठकर उनके सुख-दुख को भी साझा किया। उन्होंने उपस्थित बुजुर्गों से कहा कि उन्हें किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि वे अपने आप को बेसहारा न समझें, उनकी देखभाल के लिए जिला प्रशासन हमेशा उपस्थित है। उन्हें किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे किसी भी अधिकारी को नि:संकोच बता सकते हैं।

कलेक्टर रजत बंसल ने वृद्धाश्रम पहुंचकर स्वच्छता और स्वच्छ पर्यावरण देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। तुलसी लोक विकास संस्थान छत्तीसगढ़ जिसके द्वारा संचालित श्री वाटिका वृद्धाश्रम जिसके अंतर्गत वृद्धजन अपने जीवन के अनुभवों को लेकर ऐसे संघर्षरत वृद्धजन यहां वृद्धाश्रम में रहकर जीवन का आनंद ले रहे हैं। घर से भी दूर एक घर की कल्पना को कलेक्टर रजत बंसल की मंशानुसार आदर्श बनाया जा रहा है।
पेड़-पौधों के प्रति वृद्धजनों का लगाव और सुखी और आनंदपूर्ण जीवन जीने तथा यहां पर पुस्तकालय, स्वास्थ्य परीक्षण इत्यादि व्यवस्था कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशन में की गई है। परिसर में वृद्धजनों द्वारा सभी पर्व इत्यादि आनंदपूर्वक मनाए जाते हैं और प्रसन्नता रखते हुए जीवन का आनंद ले रहे हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर राजेन्द्र गुप्ता के साथ अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरिशंकर चौहान,उपसंचालक समाज कल्याण गेडाम उपस्थित रहे।
