कोरिया : जिले में एक बड़े होटल पर बुधवार देर रात आबकारी और पुलिस की टीम ने छापेमारी की है जिसमे उन्होंने बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। ये कार्रवाई बैकुंठपुर के होटल गंगाश्री में हुई है जहां संचालित आर क्लब बार में मध्यप्रदेश की शराब बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि यह होटल कांग्रेस नेता योगेश शुक्ला का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश से शराब लाकर यहां खपाई जा रही है। इस जानकारी के बाद पुलिस और आबकारी की टीम ने एक टीम नियुक्त की और होटल में छापेमारी की। यहां लाइसेंस की मात्रा से अधिक 46 पेटी अवैध शराब जब्त की गई है। इसकी कीमत लगभग 4 लाख 52 हजार रुपए बताई जा रही है।
बता दें छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब और मादक पदार्थों पर कार्रवाई की जाए। इसी सिलसिले में बीते कुछ दिनों में छत्तीसगढ़ में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है। वहीँ कई जिलों में गांजे, कैश और शराब की पेटियां बरामद की गई हैं।

