रायपुर : छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का आज शुक्रवार को तीसरा दिन है। आज सदन में अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा उठाया जाएगा। वहीँ बीजेपी स्थगन प्रस्ताव ला सकती है।
आज राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। ध्यानाकर्षण में खाद्य और राजव का मुद्दा उठेगा। इसे लेकर सदन में काफी हंगामा हो सकता है। वहीं, मुख्यमंत्री और दो मंत्री सदन में विभिन्न पत्र रखेंगे। ध्यानाकर्षण में गौरेला पेंड्रा के मार्कफेड के अधिकारियों के अनियमितता, घरघोड़ा आबंटित कोल ब्लाक में ग्राम बजमुड़ा के किसानों की अधिग्रहित भूमि के मुआवजा के वितरण में अनियमितता का मामला गूंजेगा।
प्रश्नकाल में आबकारी और सवास्थ्य के कई मुद्दे उठाए जाएंगे। कई समितियों में निर्वाचन सम्बन्धी प्रस्ताव पेश होंगे। सामजिक बहिष्कार संबंधी अशासकीय विधेयक लाए जाएंगे। बता दें कि कल भी सदन में काफी हंगामा हुआ था, कई बार कार्यवाही स्थगित भी की गई। इसी बीच सीएम भूपेश बघेल ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए प्रस्तुत 4 हजार 143 करोड़ 60 लाख, 71 हजार 652 रूपए का तृतीय अनुपूरक बजट पारित किया।
तृतीय अनुपूरक बजट में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई, आवास, भूजल संरक्षण, आजीविका, औद्योगिक प्रशिक्षण, कस्टम मिलिंग सहित विभिन्न मदों में अतिरिक्त राशि के प्रावधान रखे गए हैं। इस राशि को मिलाकर अब वित्तीय वर्ष 2022-23 के मुख्य बजट का आकार 1 लाख 15 हजार 385 करोड़ रूपए हो गया है। तृतीय अनुपूरक बजट में राजस्व व्यय हेतु 02 हजार 575 करोड़ रूपए और पूंजीगत व्यय हेतु 01 हजार 569 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।
