कोरबा:- छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां एनटीपीसी कावेरी विहार कालोनी में एक युवक को सरेआम निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटने का मामला प्रकाश में आया है। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया है।
बाइक विवाद बना हमले की वजह
जानकारी के अनुसार, घटना 27 मार्च की है। पीड़ित अमरदास, जो कावेरी विहार स्थित सर्वेंट क्वार्टर में रहता है, उसका परिचय बिलासपुर के रतनपुर निवासी सरोज कुमार से था। बताया जा रहा है कि अमरदास कुछ समय पहले सरोज की बाइक लेकर गया था, लेकिन उसने गाड़ी वापस नहीं की और न ही वह संपर्क में आ रहा था। इसी बात से आक्रोशित होकर सरोज कुमार अपने कुछ साथियों के साथ कोरबा पहुँचा।
सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
27 मार्च को सरोज और उसके साथियों ने कावेरी विहार कालोनी के पास अमरदास को पकड़ लिया। आवेश में आकर आरोपियों ने अमरदास की जमकर पिटाई शुरू कर दी। क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने उसके कपड़े उतार दिए और उसे निर्वस्त्र हालत में ही सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर लहूलुहान कर दिया। इस मंजर को देखकर राहगीर और कालोनी की महिलाएं असहज हो गईं। डायल 112 को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

