रायपुर :- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह वारदात धरसींवा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना ने न सिर्फ इलाके में सनसनी फैला दी है, बल्कि समाज में बढ़ती असहिष्णुता और छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की प्रवृत्ति पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान शिव प्रसाद ध्रुव के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले का निवासी था। शिव प्रसाद रायपुर में किसी काम से आया हुआ था और मंगलवार तड़के एक ढाबे में खाना खाने रुका था। इसी दौरान ढाबे पर मौजूद एक कुत्ते को भोजन देने को लेकर विवाद शुरू हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुत्ते को खाना देने की बात पर ढाबे के कुक और उसके एक साथी ने शिव प्रसाद से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों ने मिलकर शिव प्रसाद के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसके सीने पर गंभीर चोट लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल शिव प्रसाद को तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

