सरगुजा:- जिले के अंबिकापुर में महिला के साथ दुष्कर्म और निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. इस गंभीर घटना के आठ दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से मामले में अहम खुलासे हुए हैं.
क्या था पूरा मामला
3 तारीख को सद्भावना चौक के पास एक अज्ञात महिला का शव मिला था. शव की हालत देखकर साफ था कि महिला के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसकी हत्या की गई. इस मामले में कोतवाली थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी महिला की पहचान और आरोपी तक पहुंचना. इसके लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और लगातार जांच जारी रखी.
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 1000 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इन फुटेज के आधार पर आरोपी की गतिविधियों को ट्रैक किया गया. शुक्रवार को चिरमिरी पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसी शाम आरोपी को अंबिकापुर लाया गया और पूछताछ शुरू की गई. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
आरोपी और महिला के बीच क्या संबंध था
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृत महिला पिछले 5-6 साल से साथ रह रहे थे. दोनों कबाड़ बीनने का काम करते थे और अक्सर दोनों एक साथ कहीं भी रह जाते थे कहीं भी सो जाते थे. इस बीच आरोपी को शक हुआ कि महिला का किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी संबंध है. इसी शक और गुस्से के कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
कैसे की गई हत्या
एसएसपी राजेश अग्रवाल के अनुसार आरोपी ने महिला की हाथ और मुक्कों से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई. यह हत्या अचानक गुस्से में की गई थी, लेकिन इसकी क्रूरता ने पूरे इलाके को हिला दिया.
वारदात के बाद आरोपी का भागने का रास्ता
हत्या के बाद आरोपी ने भागने के लिए अलग-अलग रास्तों का इस्तेमाल किया. वह पहले मंदिर की ओर गया, फिर वापस चौक पर आया और वहां से कई इलाकों से होते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचा. रेलवे ट्रैक के जरिए वह आगे बढ़ते हुए विश्रामपुर तक पहुंच गया और आखिरकार अपनी मां के पास चिरमिरी चला गया.

