जांजगीर-चांपा:- जिले के नवागढ़ नगर पंचायत से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पटाखा फटने से 10 वर्षीय मासूम का चेहरा गंभीर रूप से झुलस गया।
मिली जानकारी के अनुसार नवागढ़ नगर पंचायत में राजेश साहू उम्र लगभग 10 वर्ष, पिता स्वर्गीय धजा राम साहू के परिवार में शादी समारोह चल रहा था। इसी दौरान जश्न के माहौल में पटाखा फूटने से मासूम राजेश साहू का चेहरा बुरी तरह जल गया।
घटना के बाद परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंचने के कारण परिजन बच्चे को नवागढ़ के राछाभाटा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने पहले बच्चे को वहीं अस्पताल में ही रखा।
इसी बीच जब नवागढ़ नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भुनेश्वर केशरवानी को घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और बच्चे की हालत देखकर तत्काल उसे जिला अस्पताल जांजगीर भेजने की व्यवस्था कराई, जहां अब उसका इलाज जारी है।

