बालोद:- जिला मुख्यालय से लगे ग्राम झलमला में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक कबाड़ दुकान में सामान खाली करने के दौरान 11 केवी (11KV) विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है.
हाईवोल्टेज लाइन के संपर्क में आया वाहन
झलमला निवासी गजानंद ठाकुर ने बताया कि झलमला स्थित घनश्याम कबाड़ी दुकान में वाहन से सामान खाली करने का काम चल रहा था. इस दौरान कुल पांच मजदूर कार्य में लगे हुए थे. कबाड़ खाली करते समय अचानक वाहन ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आ गया. करंट फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दो मजदूरों ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन तीन मजदूर इसकी चपेट में आ गए.
एक ने मौके पर ही तोड़ा दम
हादसे में दीनू सतनामी (50 वर्ष) की करंट की तीव्रता के कारण मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, जवाहर पारा निवासी बीरा स्वामी पिल्ले उर्फ पांडे पिल्ले (38 वर्ष) और आतिश कुमार (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए. बीरा स्वामी का उपचार शासकीय अस्पताल बालोद में किया जा रहा है, जबकि आतिश कुमार को गंभीर स्थिति में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

