बिलासपुर :- न्यायधानी में एक बैंककर्मी के घर को उस समय अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया, जब परिवार रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। चोर फिल्मी अंदाज़ में छत का दरवाज़ा काटकर घर में घुसे और जेवर–नकदी सहित करीब 3.50 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। परिवार के लौटते ही घर का बिखरा हुआ नज़ारा देख सभी दंग रह गए।
घटना नंद विहार कॉलोनी, रियल हैवन्स के पीछे स्थित बैंककर्मी विनोद पाठक के मकान की है। मिली जानकारी के अनुसार 23 नवंबर की सुबह पूरा परिवार घर में ताला लगाकर सकरी स्थित नारायण मंगलम में भतीजे की शादी में गया था। अगले दिन दोपहर लौटने पर सामने का ताला टूटा मिला। अंदर पहुंचते ही पता चला कि चोरों ने छत पर बने छोटे दरवाज़े को काटकर अंदर प्रवेश किया और मुख्य दरवाज़े का कुंडा तोड़कर घर में घुसे। हर कमरे की अलमारियाँ और ड्रॉअर पूरी तरह उथल–पुथल कर दिए गए थे।
शिकायत में दर्ज है कि चोर सोने की चैन, बाली, टॉप्स, अंगूठी, चांदी की थालियां, कटोरी, गिलास, प्लेट, लोटा, चम्मच, करधन और करीब 50 चांदी के सिक्के सहित कई बहुमूल्य सामान ले गए। इसके अलावा सौ, पचास, बीस और दस रुपये के बंडलों सहित करीब 1.50 लाख रुपये नकद चोरी हुआ। कुल चोरी की कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। विनोद पाठक ने बताया कि परिवार तो खुशी के मौके पर गया था, लेकिन लौटकर घर की बदहाली देखकर सभी सदमे में हैं।

