बालोद:- जिले के डौंडीलोहारा क्षेत्र में मंदिर को लेकर उपजा विवाद मातम में बदल गया. ग्राम जोगीभाठ में शीतला मंदिर के मुद्दे पर बुलाई गई ग्रामीणों की पंचायत के दौरान हिंसक झड़प हो गई जिसमें एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी. मृतक की पहचान कुणाल देशमुख के रूप में हुई है, जो गांव के उप-सरपंच का भतीजा था. इस वारदात के बाद से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है.
मंदिर प्रबंधन को लेकर थी बैठक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में स्थित शीतला मंदिर को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था. इसी मसले को सुलझाने और व्यवस्था बनाने के लिए बीती रात ग्रामीणों की एक सार्वजनिक बैठक बुलाई गई थी. बैठक में गांव के रसूखदार और जिम्मेदार लोग मौजूद थे. चर्चा के दौरान उप-सरपंच डोमेन्द्र देशमुख और विपक्षी गुट के बीच तनातनी शुरू हो गई.
गाली-गलौज से शुरू हुआ मामला खूनी संघर्ष में तब्दील
देखते ही देखते शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई बैठक गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई. चश्मदीदों के मुताबिक, वहां मौजूद सोहन लाल साहू और उसके कुछ साथी उग्र हो गए और उप-सरपंच पर हमला करने की कोशिश की. अपने चाचा को संकट में देख कुणाल देशमुख (मृतक) बीच-बचाव करने के लिए दौड़ा. इसी दौरान मुख्य आरोपी सोहन लाल ने अपने पास रखे धारदार चाकू से कुणाल के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. ग्रामीण तत्काल लहूलुहान कुणाल को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

