दुर्ग: दसवीं बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 13 मार्च तक चलेगी, वहीं 12वीं बोर्ड की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगी. परीक्षा की तैयारियों में काफी कम दिन बचा है. छात्र परीक्षा के तैयारियों में जुटे हैं. इसी बीच दुर्ग के जामुल थाना इलाके में दसवीं बोर्ड की परीक्षा की तैयारियों में जुटी छात्रा ने आज जान दे दी. छात्रा ने ऐसा घातक कदम क्यों उठाया ये अभी पता नहीं चल पाया है. छात्रा के उठाए गए इस कदम से परिवार के लोग सदमे में हैं.
दसवीं की छात्रा ने उठाया घातक कदम
पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से किसी भी तरह को कोई नोट नहीं मिला है. परिवार वालों ने बताया कि छात्रा रोज की तरह अपनी परीक्षा की तैयारियों में जुटी थी. छात्रा अच्छे से परीक्षा की तैयारी करे इसके लिए उसे रुम में अकेला छोड़ा दिया गया था. सुबह करीब साढ़े चार बजे जब छात्रा की मां बेटी को देखने गई, तो पाया कि छात्रा ने घर के भीतर ही घातक कदम उठा लिया है. परिवार वालों ने बताया कि छात्रा ने रात के वक्त सभी के साथ ही भोजन किया था. उसके ऊपर किसी भी तरह का कोई दबाव उनको नजर नहीं आया.
परिवार वालों ने बताया कि उनकी कुल तीन बेटियां हैं. तीनों बेटियों को वो अच्छे से पढ़ा लिखा रहे हैं. छात्रा ने ये घातक कदम क्यों उठाया इसकी जांच के लिए पुलिस अब पूछताछ कर रही है. परिजनों के साथ-साथ आस पास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
आत्महत्या नहीं है समाधान
यदि आपके मन में कभी निराशा में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं, या आप किसी मित्र के बारे में चिंतित हैं, या आपको भावनात्मक समर्थन की जरूरत है, तो ऐसे में कोई है जो हमेशा आपकी बात सुनने के लिए मौजूद है. स्नेहा फाउंडेशन को कॉल करें- 04424640050 (24×7 उपलब्ध) या आईकॉल, टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज की हेल्पलाइन – 9152987821 (सोमवार से शनिवार सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक उपलब्ध).

