कांकेर :- माकड़ी गांव के पहाड़ी जंगल में एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और उसके चेहरे पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या कर शव को जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जहां सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो सबूत जुटाने में लगी हुई है। फिलहाल मृतक की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

