कवर्धा:- जिले के पोड़ी गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान से तीन दिन पुरानी सड़ी-गली लाश बरामद हुई. गांव में फैली दुर्गंध के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने मकान का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां एक युवक का शव सड़ी गली अवस्था में पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
तीन दिन से अंदर से बंद था मकान का दरवाजा: मृतक की पहचान संतोष यादव पिता रामसेवक यादव (निवासी लोरमी) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि संतोष यादव पोड़ी गांव में किराए के मकान में रहता था और पास की एक दुकान में काम करता था. पुलिस के अनुसार, उसकी मौत 21 अक्टूबर को हुई थी, लेकिन मकान का दरवाजा बंद रहने और किसी के अंदर न जाने के कारण घटना का पता नहीं चल सका.
शव पूरी तरह से हुआ डीकम्पोज: जब आसपास के लोगों को लगातार तेज दुर्गंध आने लगी, तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव बरामद किया. एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं. शव पूरी तरह से गलने की अवस्था में था, जिससे प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.

