जांजगीर चांपा :- जांजगीर-चांपा में एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से जा टकराई. इस हादसे में 9 बच्चों समेत दो शिक्षिकाएं घायल हुई है.वहीं वैन चलाने वाले प्राचार्य भी हादसे का शिकार हुए हैं. सभी घायलों को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
कहां हुई घटना
यह घटना कुथुर गांव की है.सरस्वती ज्ञान मंदिर के प्राचार्य बीपी शर्मा सुबह खुद वैन चलाकर मुड़पार गांव से बच्चों को लेने गए थे. वे नर्सरी से लेकर छठवीं तक के करीब 10 बच्चों और शिक्षिकाओं को लेकर वापस कुथुर लौट रहे थे, तभी अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया और वैन सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर से टकरा गई. ट्रैक्टर से वैन टकराने के बाद पलट गई.जिससे मौके पर चीख पुकार मच गई.
इस हादसे में वैन में सवार बच्चों और शिक्षिकाओं को चोटें आईं हैं. घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वैन से बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया.हादसे के बाद प्राचार्य बीपी शर्मा ने बताया कि स्कूल में परीक्षा के कारण बच्चों को लाना जरूरी था.घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अशोक पाटले भी अस्पताल पहुंचे और बच्चों का हालचाल जाना.उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

