रायपुर :- मार्च के महीने में ही गर्मी ने तबाही मचानी शुरू कर दी है। इस भीषण गर्मी से सबसे ज्यादा परेशान स्कूली बच्चे हो रहे हैं। तीखी धूप में या तो बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है, या फिर लौटना पड़ रहा है। लिहाजा, स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है। इधर, भीषण गरमी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। कोंडागांव जिले से इसकी शुरुआत हुई है। नये आदेश के मुताबिक सभी शासकीय व प्राइवेट स्कूल के समय में बदलाव किया गया है।
एक पाली में जिन स्कूलों का संचालन हो रहा है, उनमें बदलाव किया गया है। प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूल अब सोमवार से शनिवार तक सुबह 7.30 बजे से 11.30 बजे तक संचालित होंगे।
वहीं दो पालियों में जहां स्कूल संचालित होती है, वहां अब प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला 7.30 बजे से 11.30 बजे तक और दूसरी पाली में हाई स्कूल व हायर सेकेंडरी स्कूल का संचालन 12.00 से 4.00 बजे तक होगा।

