बिलासपुर:- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अंधविश्वास और लालच का फायदा उठाकर धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। बिल्हा पुलिस ने सरपंच पति और तीन महिलाओं समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक व्यक्ति से ढाई लाख रुपये को ढाई करोड़ बनाने का झांसा देकर ठगी की थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी (ढोंगी तांत्रिक) अभी फरार है।
ढाई लाख के ढाई करोड़ बनाने का दिया लालच
बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान के अनुसार, कोरिया (बैकुंठपुर) जिले के चरचा थाना अंतर्गत शरडी पांडुपारा निवासी पीड़ित शिवकुमार चेरवा (52) ने इस धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उसके परिचित राजीव ने रुपये डबल करने का लालच देकर उसे ढाई लाख रुपये तैयार रखने को कहा था। 31 दिसंबर को पीड़ित अपने साथियों के साथ बिलासपुर के बिल्हा चौक पहुंचा, जहां उसे बिमला गोंड, बृहस्पति, ब्रिज बाई, विजय राज और एक कथित ‘गुरुजी’ मिले। तांत्रिक ने दावा किया कि वह ढाई लाख के ढाई करोड़ रुपये बना देगा।

