कोरिया :- कोरिया में महिला की संदिग्ध मौत के बाद मामला गर्मा गया है. एक शख्स ने एसपी कोरिया को लिखित शिकायत देकर पत्नी की मौत को सुनियोजित हत्या बताया है. घटना के सामने आने के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है.
क्या है मामला
परिजनों के अनुसार महिला पिछले 7–8 माह से लापता थी. परिवार का आरोप है कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में संपर्क किया गया था, लेकिन उस समय रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई. हाल ही में व्हाट्सएप के माध्यम से महिला की मृत्यु की सूचना मिलने के बाद परिजन स्तब्ध रह गए. सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया बताया जा रहा है कि मृतका खरवत स्थित एक ढाबे में काम कर रही थी. किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है.
दुष्कर्म के बाद हत्या के आरोप
परिजनों का दावा है कि पोस्टमार्टम के दौरान महिला के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए. साथ ही परिवार ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है.हालांकि आधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में गुस्सा का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं, तो यह अत्यंत घिनौना और अमानवीय कृत्य है, जिसकी निष्पक्ष और त्वरित जांच होनी चाहिए.इस मामले में बैकुंठपुर जनपद पंचायत के अध्यक्ष उदय सिंह ने भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं.

