बस्तर : जिले के शहर से 12 किलोमीटर दूर माता रूक्मणी आश्रम के पीछे जंगल में एक नर कंकाल मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के फोरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची। वहीं पुलिस ने कंकाल को एक बोरे में भरकर मेकाज में जांच के लिए भेज दिया है।
एसडीओपी ऐश्वर्य चंद्राकर ने बताया कि शुक्रवार की सुबह माता रूक्मणी आश्रम के पीछे बन रहे गौशाला के पास बने जंगल में एक नरकंकाल आश्रम के लोगों ने देखा। नर कंकाल मिलने की जानकारी लगते ही आश्रम से लेकर आसपास के लोग मौके पर आ पहुंचे। जानकारी मिलते ही एसएसपी निवेदिता पॉल के साथ ही फोरेंसिक की टीम भी मौके पर आ पहुंची। वहीं पास में एक खंभे में एक गमछा भी पाया गया। फोरेंसिक टीम ने जांच के दौरान बताया कि कंकाल एक वर्ष पुराना लग रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है फोरेंसिक की टीम ने कंकाल के सैंपल को लेने के बाद उसका डीएनए कराने की बात कही है। जिससे इस मामले का खुलासा हो सके की कंकाल युवक का है या युवती का। पुलिस ने इस मामले में आश्रम के लोगों से पूछताछ की तो उनका कहना था कि आश्रम से करीब 40 से 50 मीटर दूर एक गौशाला का निर्माण किया जा रहा है, जिसके चलते वहां काम चल रहा था। उसी गौशाला से दूसरी ओर सडकपारा गांव भी आता है, जहां लोगों का आना-जाना लगा रहता है।

