जीपीएम : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला में एक सरकारी स्कूल में अध्यापन कार्य की जगह स्कूल में ही मुर्गा पार्टी और शराबखोरी की जा रही थी। मामले की शिकायत सामने आने के बाद डीईओं ने स्कूल में पार्टी करने के आरोपी हेड मास्टर और सहा.शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया हैं। इससे पहले भी ऐसे ही एक शराबी शिक्षक का मामला पेंड्रा में सामने आया था। उसके खिलाफ भी शिक्षा विभाग के उपसंचालक बिलासपुर के द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई थी।
शिक्षा के मंदिर में गलत काम करने का ये मामला मरवाही के झिरनापोड़ी स्कूल का है। बताया जा रहा हैं कि स्कूल में मरवाही के झिरनापोड़ी प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक दुलार सिंह कुशराम और पिपरिया प्राथमिक शाला में सहायक के पद पर शिक्षक सरजू सिंह धुर्वे की पोस्टिंग हैं। 19 मार्च 2023 को दोनों ने झिरनापोड़ी प्राइमरी स्कूल के रसोई घर में मुर्गा बनाकर शराब का सेवन किया था। उन्हें ऐसा करते हुए गांव के ही लोगों ने देख लिया।
जिसके बाद ग्रामीणों ने घटना का वीडियो बनाकर उच्च अधिकारियों को इस मामले की शिकायत की थी। लोगों ने शिकायत में बताया था कि स्कूल में अक्सर शिक्षक शराब के नशे में पहुंचते हैं। परिजनों ने आरोप लगाया था कि इस तरह से खुलेआम स्कूल में ही यदि शिक्षक शराबखोरी करेंगे, तो बच्चों पर उसका बुरा असर पड़ेगा। ग्रामीणों की शिकायत पर मामले की जांच की गई। 25 अप्रैल की बीईओं की रिपोर्ट के बाद जिला शिक्षाधिकारी एन.के.चंद्रा ने प्रधान पाठक दुलार सिंह और सहा.शिक्षक सरजू सिंह धुर्वे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गौरतलब हैं कि इससे पहले भी ऐसे ही एक शराबी शिक्षक का मामला पेंड्रा में सामने आया था। यहां शिक्षक शराब के नशे में धुत होकर कार चला रहा था। ट्रैफिक पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर उसने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ ही आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। उसके खिलाफ भी शिक्षा विभाग के उपसंचालक बिलासपुर के द्वारा निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

